Connect with us

उत्तराखण्ड

उत्तराखंड में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, चार जिलों में सतर्क रहने की अपील

Published

on

खबर शेयर करें 👉

देहरादून। उत्तराखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रवेश के साथ ही मौसम ने करवट बदल ली है। मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार के लिए देहरादून, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर व नैनीताल जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम वर्षा के आसार हैं, जबकि कुछ स्थानों पर बिजली गिरने व तेज बारिश के लिए चेतावनी जारी की गई है। केंद्र के निदेशक डॉ. बिक्रम सिंह ने बताया कि मानसून के सक्रिय होते ही प्रदेश में वर्षा के दौर तेज हो सकते हैं।
उन्होंने कहा कि 25 से 27 जून के बीच विशेष रूप से सतर्क रहने की आवश्यकता है क्योंकि इस दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और जलभराव जैसी घटनाओं की संभावना बढ़ जाएगी। ऐसे में प्रशासन को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी रूप से निपटा जा सके।
डॉ. बिक्रम सिंह ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम के अनुसार यात्रा की योजना बनाएं, सतर्क रहें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें ताकि किसी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
इधर, मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में विशेष रूप से सतर्कता बरतने की सलाह दी है। जिले के अधिकारियों से कहा गया है कि वह सड़कों पर यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखें। साथ ही, राहत व बचाव दल को भी तैयार रहने के लिए कहा गया है ताकि किसी भी तरह की प्राकृतिक आपदा में तुरंत मदद पहुंचाई जा सके।
प्रदेश में फिलहाल मौसम खराब रहने के संकेत मिल रहे हैं, इसलिए नागरिकों से आग्रह है कि वे सतर्क रहें और अनावश्यक यात्रा से परहेज करें।

Select Language

Advertisement