Report by : CWN Desk
Published at :
अराजक तत्वों ने राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ओखलढूंगा में की तोड़फोड़, पुलिस में रिपोर्ट दर्ज

हल्द्वानी। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ओखलढूंगा में अराजक तत्वों ने स्कूल की दीवार और खिड़की के शीशे तोड़ दिए। प्रधानाचार्य श्रीमान प्रमोद कुमार त्रिपाठी ने पुलिस चौकी ओखलढूंगा, चौकी भीमताल में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और अराजक तत्वों की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना से विद्यालय में हड़कंप मच गया है।
विद्यालय के संरक्षक समाजसेवी हेमंत गोनिया ने इस घटना पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने बताया कि उनके द्वारा विद्यालय में रंग-पुताई, कुर्सी, मेज, लाउडस्पीकर, पानी की टंकी, टुल्लू पंप, दरवाजे, वीडियो पर रेलिंग, खिड़की आदि सहित लाखों रुपए के विकास कार्य कराए गए हैं। इसके साथ ही जिला पंचायत नैनीताल से 5 लाख रुपए की लागत से विद्यालय में फर्श भी डलवाया जा रहा है।
गोनिया ने कहा कि विद्यालय में इस तरह की तोड़फोड़ निंदनीय है और इससे विकास कार्यों को नुकसान पहुंचता है। उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस जल्द ही आरोपियों को पकड़ लेगी।
प्रधानाचार्य श्री त्रिपाठी ने कहा कि इस घटना से विद्यालय को काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि विद्यालय प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है और जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू कराया जाएगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›