Report by : CWN Desk
Published at :
देहरादून: रिश्वत में लिए नोट निगलने वाले पटवारी को भेजा गया जेल, पेट से नहीं मिले रुपये

देहरादून। कालसी में घूस लेने के आरोप में गिरफ्तार पटवारी गुलशन हैदर को मंगलवार को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। आरोपी पटवारी ने रिश्वत लेते पकड़े जाने के दौरान 500-500 रुपये के चार नोट, कुल 2000 रुपये, चबाकर निगलने की कोशिश की थी, ताकि सबूत मिटाया जा सके।

निदेशक विजिलेंस डॉ. वी. मुरुगेशन ने बताया कि पटवारी को सोमवार को कालसी तहसील क्षेत्र में दो हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया था। गिरफ्तारी के समय गुलशन हैदर ने मौके पर ही घूस के चार नोट चबाकर निगलने का प्रयास किया, जिससे रकम की बरामदगी नहीं हो सकी।

विजिलेंस टीम ने नोटों पर फिनाफ्थलीन के प्रयोग के जरिए यह साबित किया कि आरोपी ने ही रिश्वत ली थी। आरोपी के हाथ जब पानी में धुलवाए गए, तो पानी का रंग गुलाबी हो गया, जो फिनाफ्थलीन रिएक्शन की पुष्टि करता है।

नोट निगलने की पुष्टि के लिए आरोपी का पहले अल्ट्रासाउंड और फिर सीटी स्कैन करवाया गया, लेकिन दोनों ही परीक्षणों में पेट के अंदर नोट की कोई पुष्टि नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने एंडोस्कोपी की तैयारी की, परंतु यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई।

पटवारी गुलशन हैदर को मंगलवार को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। विजिलेंस की टीम अब आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। यह मामला राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत एक अहम कार्रवाई माना जा रहा है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›