Connect with us

नई दिल्ली

पिकअप वाहन पलटा, 14 लोगों की मौत, 20 घायल

Published

on

खबर शेयर करें 👉

कार्यक्रम से लौट रहे थे सभी लोग, डेढ़ घंटे घायल मौके पर ही तड़पते रहे
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के डिंडौरी में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। जिले के बड़झर घाट पर एक पिकअप वाहन के अनियंत्रित होकर पलट जाने से 14 लोगों की मौत हो गई और 20 घायल हो गए। घायलों का इलाज शहपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
दुर्घटना के बाद रात में पुलिस तक जानकारी विलंब से पहुंची, इसी के चलते लगभग डेढ़ घंटे घायल मौके पर ही तड़पते रहे। लगभग 4 बजे सुबह घायलों को 108 वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शहपुरा लाया गया। 20 घायलों में एक की हालत ज्यादा गंभीर होने से उसे जबलपुर रेफर किया गया है। 
हादसे के बाद मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वाहन दुर्घटना में कई अनमोल जिंदगियों के असामयिक निधन पर गहन शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति व परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।
घटना में मुख्यमंत्री द्वारा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत करने के साथ घायलों का समुचित इलाज करने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, यह लोग किसी कार्यक्रम से लौट रहे थे तभी हादसे का शि‍कार हुए। डिंडौरी बिछिया बड़छर गांव में जैसे ही इनका पिकअप वाहन पहुंचा वो बेकाबू होकर पलट गया। दुर्घटना का श‍िकार सभी लोग आमादेवी गांव के निवासी हैं।
दुर्घटना में मदन सिंह आर्मो 50 वर्ष, पीतम बरकड़े 16 वर्ष, पुन्नू पिता रामलाल 55 वर्ष, भद्दी बाई 35 वर्ष, सेम बाई पति रमेश 40 वर्ष, लाल सिंह 53 वर्ष, मुलिया 60 वर्ष, तितरी बाई 50 वर्ष, सावित्री 55 वर्ष, सरजू 45 वर्ष, रामी बाई 35 वर्ष, बसंती 30 वर्ष,रामवती 30 वर्ष, कृपाल 45 वर्ष की मौके  पर मौत हुई है। अधिकांश मृतक अमहाई देवरी निवासी हैं। मृतकों में छह पुरुष और आठ महिलाएं शामिल हैं।

Select Language

Advertisement