Report by : CWN Desk
Published at :
राजस्थान: झालावाड़ में स्कूल की छत गिरने से बड़ा हादसा: 7 बच्चों की मौत, पीएम मोदी ने जताया शोक

नई दिल्ली। राजस्थान के झालावाड़ जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब एक सरकारी स्कूल की छत गिरने से सात मासूम बच्चों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। यह हादसा जिले के मनोहरथाना ब्लॉक स्थित पीपलोदी गांव के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में हुआ। हादसे के वक्त बच्चे कक्षा में पढ़ाई कर रहे थे, तभी अचानक छत भरभराकर गिर गई, जिससे कई छात्र मलबे में दब गए।
घटना के बाद ग्रामीणों, शिक्षकों और स्थानीय प्रशासन की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। मलबे से बच्चों को निकाला गया और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि अब तक सात बच्चों की मौत की पुष्टि हुई है और दस से अधिक घायल हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।
इस हृदयविदारक घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है। एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि राजस्थान के झालावाड़ के स्कूल में हुई दुर्घटना बेहद दुखद है। मेरी संवेदनाएं पीड़ित छात्रों और उनके परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रभावितों को हरसंभव सहायता दी जा रही है।
यह हादसा स्कूल भवनों की जर्जर स्थिति और सरकारी तंत्र की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े करता है। सरकार की ओर से मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›