Report by : CWN Desk
Published at :
पुलिस अभिरक्षा से धोखाधड़ी का आरोपी फरार, दरोगा व सिपाही के खिलाफ मुकदमा

पंचकुला पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उसे लेकर आई थी देहरादून, आइएसबीटी के एक होटल में ठहरे थे

देहरादून। आइएसबीटी के एक होटल से हरियाणा की पंचकुला पुलिस अभिरक्षा से धोखाधड़ी का एक आरोपित फरार हो गया। पंचकुला पुलिस अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए उसे देहरादून लेकर आई थी। पंचकुला के एसआइ की तहरीर पर आरोपित सहित एसआइ व सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पटेलनगर कोतवाली के इंस्पेक्टर सूर्यभूषण नेगी के अनुसार पंचकुला पुलिस चौकी सेक्टर-1 थाना सेक्टर-7 पंचकुला हरियाणा के एसआइ राकेश कुमार ने तहरीर दी है कि उन्होंने धोखाधड़ी में नामजद आरोपित प्रवीन कुमार निवासी गनोली गेट छछरोली जिला यमुनानगर हरियाणा को 14 जून को सहारनपुर जेल से अदालत में पेश कर पांच दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया था।
आरोपित के सह आरोपित विजय कुमार, नरेंद्र व अन्य की गिरफ्तारी की जानी थी। पूछताछ में आरोपित प्रवीन कुमार ने बताया था कि सह आरोपित देहरादून बस अड्डा के आसपास किसी होटल में मिल सकते हैं। इस सूचना पर वह अपने साथी कर्मचारी सिपाही सुरेंद्र कुमार के साथ आरोपित को लेकर 17 जून को देहरादून के आइएसबीटी स्थित होटल शुमगलम में पहुंचे। जहां उन्होंने कमरा नंबर 106 किराए पर लिया। रात को आरोपित प्रवीन कुमार बाथरूम गया और जब बाहर आया तो वह अपने हाथ में प्लास्टिक जग में पानी भरकर लाया और पुलिसकर्मियों के मुंह पर पानी मार दिया। इसके बाद आरोपित ने एसआइ व सिपाही के साथ धक्का-मुक्की की और पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। धक्का-मुक्की में पुलिसकर्मियों को चोटें भी आई हैं।
पुलिसकर्मियों ने प्रवीन कुमार को पकडने की काफी कोशिश की, लेकिन प्रवीन कुमार अंधेरे का फायदा उठाकर पुलिस हिरासत से भागने मे कामयाब हो गया। काफी तलाश के बाद भी उसका कहीं पता नहीं लग पाया। इंस्पेक्टर नेगी ने बताया कि आरोपित प्रवीन कुमार, एसआइ राकेश कुमार और सिपाही सुरेंद्र कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›