Report by : CWN Desk
Published at :
सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर कल्पना रावत के आत्मघाती कदम उठाने की चेतावनी से मचा हड़कंप, सोशल मीडिया पर उमड़ा समर्थन

हल्द्वानी। शहर की मशहूर व्लॉगर कल्पना रावत को बदनाम करने और उन पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने यूट्यूबर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह कार्रवाई कल्पना रावत द्वारा लगातार थाने में शिकायत करने और कई बार थाने के चक्कर लगाने के बाद की गई। व्लॉगर ने पुलिस को सौंपी गई तहरीर में बताया कि वह पिछले लंबे समय से यूट्यूब और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर ब्लॉगिंग कर रही हैं, जिसमें वह विभिन्न विषयों पर वीडियो बनाती हैं।

कल्पना ने आरोप लगाया कि चांदनी चौक, घुड़दौड़ा निवासी एक यूट्यूबर राहुल नेगी, जो ‘यूके बादशाह’ नाम से चैनल चलाता है, पिछले छह महीनों से उनकी वीडियो को गलत तरीके से एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल कर रहा है। साथ ही वह लगातार व्लॉगर के खिलाफ अभद्र और अनर्गल टिप्पणी कर रहा है, जिससे उनकी छवि धूमिल हुई है और उन्हें मानसिक आघात भी पहुंचा है।

कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि व्लॉगर की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए आरोपी राहुल नेगी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर इस तरह की हरकतें कानूनन अपराध हैं और साइबर अपराध शाखा के सहयोग से मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी की छवि को ठेस पहुंचाने या मानसिक उत्पीड़न करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›