कोटद्वार
कोटद्वार में घर में हुई चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, ऑनलाइन गेमिंग के शौकीन बेटे ने चुराए थे जेवर
कोटद्वार के पदमपुर में चोरी का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। ऑनलाइन गेम खेलने और घूमने के शौकीन बेटे ने ही ताला तोड़कर घर के सोने-चांदी के जेवर उड़ाए थे।
कोटद्वार। पदमपुर क्षेत्र में 1 अगस्त को हुई चोरी की घटना का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। ऑनलाइन गेमिंग और घूमने-फिरने का शौकीन 19 वर्षीय बेटा ही अपने घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर उड़ा ले गया था। कोतवाली कोटद्वार पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर 100% शत-प्रतिशत चोरी का सामान बरामद कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पदमपुर निवासी मनमोहन सिंह नेगी ने 1 अगस्त को शिकायत दर्ज कराई थी कि परिचित की रिटायरमेंट पार्टी से लौटने पर उनके घर का ताला टूटा मिला और गहने गायब थे। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने इलाके में गहन जांच-पड़ताल की।
शुरुआती जांच में कोई ठोस सुराग न मिलने पर पुलिस ने ज़ीरो लेवल से दोबारा जांच शुरू की और परिजनों की गतिविधियों का विश्लेषण किया। इस दौरान वादी के पुत्र अमन नेगी (19 वर्ष) की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। पुलिस की कड़ी पूछताछ में उसने कबूला कि लैब कोर्स करने के साथ-साथ उसे ऑनलाइन गेमिंग का शौक था, जिसकी वजह से उसने खुद चोरी का षड्यंत्र रचा था।
पुलिस ने अभियुक्त अमन नेगी के कब्जे से चोरी की गई सोने की त्रिमाला, सोने की अंगूठी, 2 सोने की चेन, 1 जोड़ी सोने के झुमके और 9 चांदी की धगुली बरामद की हैं। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(A), 331(3) और 317(2) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है।
