Report by : CWN Desk
Published at :
डोईवाला में किशोरी की संदिग्ध मौत पर बवाल: आठ घंटे रहा तनाव, लाठीचार्ज-पथराव में पुलिसकर्मी घायल

देहरादून। कुड़कावाला स्थित क्रशर प्लांट में 13 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध हालात में हुई मौत के विरोध में रविवार को डोईवाला में भारी बवाल हुआ। किशोरी की मौत को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों में जबरदस्त गुस्सा फूट पड़ा। न्याय की मांग को लेकर आक्रोशित लोगों ने दोपहर तक मुख्य सड़क को जाम रखा। प्रदर्शन में हिंदूवादी संगठनों ने भी हिस्सा लिया और धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।

दोपहर बाद भीड़ ने डोईवाला कोतवाली की ओर कूच कर घेराव की कोशिश की, इस दौरान पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। हालात बिगड़ने पर भीड़ की ओर से पत्थरबाजी शुरू हो गई और प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर चूड़ियां भी फेंकी। झड़प में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। बवाल बढ़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसमें महिलाओं समेत कई लोगों को चोटें आईं।

डोईवाला कोतवाली के एसएसआई विनोद कुमार ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर क्रशर प्लांट से जुड़े दो नामजद आरोपियों – मोमीन और मोबीन – के खिलाफ दुष्कर्म, हत्या और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। कई अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

हालांकि एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम की शुरुआती रिपोर्ट में किशोरी के साथ किसी प्रकार का शारीरिक उत्पीड़न या चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। मामले की गहन जांच जारी है।

घटना के बाद विधायक बृजभूषण गैरोला, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल और एसपी रेनू लोहानी मौके पर पहुंचे और लोगों को दो दिन में कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत करने का प्रयास किया। इसके बावजूद डोईवाला में माहौल करीब आठ घंटे तक अशांत बना रहा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›