Connect with us

हरिद्वार

हरिद्वार में प्रतीक यादव की अस्थियां गंगा में विसर्जित, बेटी के कार्ड ने सबको रुलाया

Published

on

खबर शेयर करें 👉

सपा प्रमुख अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव की अस्थियां हरिद्वार के वीआईपी घाट पर विसर्जित की गईं। भावुक माहौल में छोटी बेटी ने ‘आई लव पापा’ का कार्ड गंगा में बहाया।

हरिद्वार। समाजवादी पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के पुत्र और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव की अस्थियां शनिवार को हरिद्वार के वीआईपी घाट पर पूरे विधि-विधान के साथ गंगा में विसर्जित की गईं। इस दौरान घाट पर बेहद भावुक कर देने वाला माहौल देखा गया। प्रतीक यादव का बीते 13 मई को लखनऊ में मात्र 38 वर्ष की आयु में असामयिक निधन हो गया था, जिसके बाद आज उनके परिजन अस्थि विसर्जन के लिए उत्तराखंड पहुंचे।
अस्थि कलश को विसर्जन के लिए ले जाते समय प्रतीक यादव की छोटी बेटी अपने आंसू नहीं रोक सकी। उसने कलश को अपने माथे से लगाया और फूट-फूटकर रो पड़ी। विसर्जन के दौरान उसने अपने पिता की याद में ‘आई लव पापा’ लिखा एक भावुक कार्ड भी गंगा की लहरों में प्रवाहित किया। बेटी के इस मासूम और दर्दभरे कदम ने वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम कर दीं।
घाट पर मौजूद तीर्थ पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ अस्थि विसर्जन की पूजा और जरूरी कर्मकांड संपन्न कराए। इस दौरान प्रतीक यादव की पत्नी और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव अपनी दोनों बेटियों प्रथमा और पद्मजा के साथ मौजूद रहीं। दुख की इस घड़ी में परिवार को ढांढस बंधाने और शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए योग गुरु स्वामी रामदेव भी वीआईपी घाट पहुंचे।
इससे पहले, शनिवार दोपहर करीब 12 बजे प्रतीक यादव का परिवार चार्टर्ड विमान के जरिए लखनऊ से देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचा। इसके बाद सभी सदस्य सड़क मार्ग से सीधे हरिद्वार के वीआईपी घाट के लिए रवाना हुए। घाट पर पूजा के दौरान सांसद आदित्य यादव, तेज प्रताप यादव और अक्षय यादव सहित यादव परिवार के कई अन्य प्रमुख सदस्य भी मौजूद रहे और दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।

Select Language

Advertisement