Report by : Paras Bisht
Published at :
लालकुआं में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई: 200 से अधिक प्रतिष्ठानों को नोटिस

लालकुआं: तराई केंद्रीय वन प्रभाग के अधिकारियों ने लालकुआं स्थित ट्रांसपोर्ट नगर और वीआईपी गेट क्षेत्र में 200 से अधिक प्रतिष्ठानों पर बेदखली का नोटिस चस्पा किया है। वन विभाग ने इन प्रतिष्ठानों को 7 अक्टूबर तक वन भूमि से अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
वन विभाग के अनुसार, ये सभी प्रतिष्ठान आरक्षित वन क्षेत्र की भूमि पर अनाधिकृत रूप से काबिज हैं। उनके पास इस भूमि के संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं है। वन विभाग ने पर्याप्त अवसर देने के बाद भी जब इन लोगों ने कोई ठोस सबूत प्रस्तुत नहीं किया तो यह कार्रवाई की गई।
तराई केंद्रीय वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी यूसी तिवारी ने बताया कि वन विभाग ने आरक्षित टांडा ब्लॉक की भूमि से अतिक्रमणकारियों को बेदखल करने का आदेश पारित किया है। यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर अतिक्रमण हटाया नहीं गया तो वन विभाग बल प्रयोग कर भूमि खाली कराएगा।
इस कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने विरोध किया है। भाजपा नेता इस्तकार अंसारी और समाजसेवी प्रकाश कुमार का कहना है कि उक्त क्षेत्र में 50 से अधिक वर्षों से लोग अपने प्रतिष्ठान चला रहे हैं। यदि उक्त लोगों को बेदखल किया गया तो सैकड़ों परिवारों की रोजी-रोटी छिन जाएगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›