Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी से टनकपुर तक मेट्रो ट्रेन चलाने का तैयार किया प्रस्ताव

केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट बोले, हल्द्वानी, रामनगर, काशीपुर, जसपुर, रुद्रपुर, बाजपुर, गदरपुर और टनकपुर तक मेट्रो सर्किट शामिल
हल्द्वानी। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट का कहना है कि वह हल्द्वानी से टनकपुर तक मेट्रो ट्रेन चलाना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने एक प्रस्ताव भी तैयार किया है। इसमें हल्द्वानी, रामनगर, काशीपुर, जसपुर, रुद्रपुर, बाजपुर, गदरपुर और टनकपुर तक मेट्रो सर्किट शामिल है। कहा कि उनका यह प्रयास कभी न कभी जरूर साकार होगा।
हल्द्वानी स्थित भाजपा कार्यालय में शनिवार को केंद्रीय राज्य मंत्री भट्ट ने प्रेसवार्ता की। इसमें उन्होंने प्रधानमंत्री के अब तक के कार्यकाल की उपलब्धियों और देश को आगे बढ़ाने में लिए गए फैसलों की जानकारी दी। कहा कि देश में 25 हजार किलोमीटर से अधिक लंबा रेलवे ट्रैक बिछाया गया है। देश में पहले पांच शहरों तक ही मेट्रो ट्रेन संचालित होती थी, जो अब 20 शहरों में है। भट्ट ने कहा कि पीएम मोदी कार्यकाल देश के लिए अद्भुत रहा है।
अजय भट्ट ने कहा कि हल्द्वानी में घर-घर तक गैस पाइपलाइन बिछाने की पहल उन्होंने ही की थी। शहर में अधिकांश जगहों पर गैस पाइप लाइन बिछा भी दी गई है। अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद उन्होंने केंद्र से मांग की है कि हल्द्वानी से अयोध्या के लिए भी एक सीधी ट्रेन का संचालन किया जाए।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›