Connect with us

उधमसिंह नगर

रुद्रपुर में दुष्कर्म के आरोपी पुलिस कस्टडी से भागे, भीड़ ने की धुनाई

Published

on

खबर शेयर करें 👉

रुद्रपुर में युवती से गैंगरेप के आरोपी पुलिस वाहन से कूदकर भाग निकले। राहगीरों ने पीछा कर पकड़ा और पुलिस के सामने ही दोनों आरोपियों की जमकर धुनाई कर दी।

रुद्रपुर। युवती के अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार दो आरोपी मंगलवार को पुलिस कस्टडी से भागने में सफल हो गए। घटना काशीपुर बाईपास स्थित मां जगदंबा द्वार के पास हुई, जहां जाम के दौरान पुलिस वाहन की रफ्तार धीमी होते ही दोनों आरोपी गाड़ी से कूदकर भागने लगे। हालांकि, पुलिस कर्मियों और राहगीरों ने तुरंत उनका पीछा कर कुछ ही दूरी पर दोनों को दबोच लिया।
शनिवार रात भूरारानी रोड से एक युवती का बाइक सवार तीन युवकों ने अपहरण कर लिया था। इसके बाद आरोपी उसे गदरपुर थाना क्षेत्र में ले गए और वहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोमवार देर रात मुठभेड़ के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। मुठभेड़ में मुख्य आरोपी गुरबाज सिंह के पैर में गोली लगी थी, जबकि दो अन्य आरोपियों जोगा सिंह और रविंदर को मंगलवार को अदालत ले जाया जा रहा था।
जैसे ही राहगीरों को पता चला कि पकड़े गए युवक वही दरिंदे हैं जिन्होंने युवती के साथ हैवानियत की थी, लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने पुलिस के सामने ही दोनों आरोपियों की जमकर पिटाई कर दी। मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिसकर्मी भीड़ को शांत कराने और आरोपियों को बचाने का प्रयास करते रहे, लेकिन जनता का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल प्रकाश दानू और एसएसआई खुशवंत सिंह अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। भारी मशक्कत के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद कड़े सुरक्षा घेरे में दोनों को दोबारा पुलिस वाहन में बैठाकर न्यायालय में पेश किया गया। स्थानीय लोगों ने इस जघन्य अपराध के आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement