Report by : CWN Desk
Published at :
दून अस्पताल में मिला स्वाइन फ्लू का मरीज, आइसोलेशन वार्ड में भर्ती

देहरादून। दून अस्पताल में स्वाइन फ्लू के एक संदिग्ध मरीज को भर्ती किया गया है। 60 वर्षीय मरीज को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। वहीं, उनकी एच1एन1 जांच के लिए सैंपल लैब भेजा गया है। इस बारे में डिप्टी एमएस डॉ. धनंजय डोभाल ने बताया है कि भाऊवाला के 60 वर्षीय बुजुर्ग कई दिन पहले निजी अस्पताल में भर्ती रहे। डिस्चार्ज होकर वह घर चले गए थे। तबीयत खराब होने पर शुक्रवार रात को दून अस्पताल आए। उन्हें मेडिसिन विभाग के डॉक्टरों की देखरेख में भर्ती किया गया है। वहीं, बाल रोग विभाग से पूरी रिपोर्ट ली गई, पर कोई बच्चा स्वाइन फ्लू का संदिग्ध नहीं मिला। सभी डॉक्टरों को निर्देशित किया गया है कि वह कोविड एवं स्वाइन फ्लू के मरीजों के बारे में अपने एचओडी को सूचित करें।
एचओडी मेडिसन डॉ. नारायणजीत सिंह ने कहा कि स्वाइन फ्लू वायरल अब सीजनल एन्फ्लूएंजा ही है। उन्होंने कहा कि इससे घबराने की जरूरत नहीं है। डब्ल्यूएचओ की ओर से भी इस मामले में स्पष्ट किया गया है कि यह फ्लू अब सीजनल एन्फ्लूएंजा के रूप में ही संचारित होता है। इसमें मौसमी जुकाम और बुखार होता है। लक्षण बढ़ने पर किसी विशेषज्ञ डॉक्टर से परामर्श और दवा लेनी चाहिए।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›