Report by : CWN Desk
Published at :
रुद्रपुर: पुलिस ने सुलझाया शादी का ड्रामा: रूठे दूल्हे को समझाकर मना लाई पुलिस, देर रात हुए फेरे

उत्तराखंड के रुद्रपुर में जयमाला के दौरान दुल्हन के ‘मुंहबोले भाई’ से बातचीत करने पर दूल्हे ने शादी से इनकार कर दिया, जिससे बारात में हंगामा हो गया। मामला रंपुरा चौकी पहुंचा, जहां पुलिस ने समझा-बुझाकर दोनों पक्षों में समझौता कराया और देर रात दूल्हा-दुल्हन के फेरे कराए गए।

रुद्रपुर। बुधवार देर रात एक शादी समारोह उस समय हंगामे के मैदान में बदल गया, जब जयमाला के दौरान एक छोटी सी बात पर दूल्हे को शक हो गया और उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में मारपीट हो गई, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और आखिर में पुलिस के समझाने-बुझाने के बाद ही शादी की रस्में पूरी हो सकीं।
जानकारी के अनुसार, प्रीत विहार निवासी राहुल बारात लेकर भूतबंगला के रामलीला ग्राउंड पहुंचा था, जहाँ उसकी शादी रंपुरा निवासी एक युवती से होनी थी। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन जयमाला के समय दुल्हन का एक मुंहबोला भाई उसके बगल में आकर बैठ गया। दोनों के बीच कुछ देर तक बातचीत हुई, जिसे देखकर दूल्हा राहुल शक करने लगा और उसने तत्काल शादी से मना कर दिया।
दूल्हे के इनकार करते ही शादी के माहौल में तनाव फैल गया और देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई शुरू हो गई। आरोप है कि दुल्हन पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से बारातियों पर हमला बोल दिया, जिसमें तीन लोगों के सिर पर चोटें आईं। इस घटना से दुल्हन के पिता भी सदमे में आ गए।
हंगामा बढ़ने के बाद दोनों पक्ष विवाद को लेकर रंपुरा पुलिस चौकी पहुंचे। चौकी में दूल्हा शादी न करने पर अड़ा रहा। इसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभाला। पुलिस ने दोनों पक्षों की बातें सुनी और दोनों को अलग-अलग बैठाकर काउंसलिंग की। लंबी मशक्कत के बाद आखिरकार पुलिस ने दूल्हा-दुल्हन को शादी के लिए राजी कर लिया।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने इस पूरे घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए बताया, “दूल्हा छोटी सी बात पर शक कर शादी से मना करने लगा था। पुलिस चौकी में मामला पहुंचने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की काउंसलिंग की। इसके बाद दूल्हा-दुल्हन फेरे के लिए राजी हुए और शादी संपन्न हो गई।” पुलिस के प्रयास से बुधवार देर रात वर-वधू ने फेरे लिए और सभी रस्में पूरी होने के बाद दुल्हन को दूल्हे के साथ ससुराल के लिए विदा किया गया।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›