Report by : CWN Desk
Published at :
भालू के हमले से दहशत: सल्ट में तीन ग्रामीण घायल, एसटीएच रेफर

शक्तिफार्म क्षेत्र के तिलियापुर निवासी जंगीर सिंह पुत्र जीत सिंह पर शनिवार को जंगल में जलौनी लकड़ी बीनते समय भालू ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना डोली रेंज के इमलीघाट बीट में हुई, जब अन्य ग्रामीणों के साथ जंगीर जंगल में लकड़ियां इकट्ठा कर रहे थे।

अचानक झाड़ियों से निकले भालू के हमले में जंगीर के चेहरे व हाथ पर गहरे जख्म हो गए। उनके चिल्लाने पर अन्य ग्रामीण दौड़ पड़े और हल्ला मचाकर भालू को खदेड़ दिया। इसके बाद परिजनों को सूचना देकर घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उप जिला अस्पताल सितारगंज रेफर कर दिया गया।

निवर्तमान ग्राम प्रधान निमिषा डसीला के सूचना देने पर वनकर्मियों ने मौके पर मुआयना किया और उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। भाजपा नेता रमेश राय द्वारा कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा को जानकारी देने पर मंत्री ने वन विभाग को घायल को उचित मुआवजा देने के निर्देश दिए।

किशनपुर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी घनानंद चनियाल ने बताया कि इस मौसम में सांप, मगरमच्छ जैसे जीव तथा भालू भोजन की तलाश में जंगल से बाहर निकलते हैं। खासकर, जंगल में इस समय फल-फूल कम होने से भूख के कारण जानवर ज्यादा आक्रामक हो जाते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि बरसात के मौसम में जंगल, नदी-नाले से दूरी बनाए रखें ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

वन विभाग इस घटना के बाद सतर्क है और ग्रामीणों को सुरक्षित रहने की सलाह दी जा रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›