Report by : CWN Desk
Published at :
सैलानी अब कालाढूंगी से पवलगढ़ तक भी कर सकेंगे जंगल सफारी, 26 किमी का होगा सफारी ट्रैक

हल्द्वानी। रामनगर वन प्रभाग एक और नया पर्यटन गेट बनाने जा रहा है। इस गेट से सैलानी कालाढूंगी से पवलगढ़ तक जंगल सफारी करेंगे। यह वन-वे पर्यटन गेट करीब 26 किमी लंबा होगा। वन विभाग ट्रैक तैयार कर रहा है। नवंबर तक पर्यटन गेट के शुरू होने की उम्मीद है।
कार्बेट विलेज छोटी हल्द्वानी धीरे-धीरे पर्यटन के मानचित्र पर चमक रहा है। देशी-विदेशी सैलानी यहां पर कार्बेट म्यूजियम, आयरन फाउंड्री, कार्बेट ट्रेल और बर्ड वॉचिंग के लिए पहुंचते हैं। इससे यहां कई लोगों के लिए रोजगार का आधार भी बना हुआ है। ऐसे में अब रामनगर वन प्रभाग यहां से पर्यटन गेट बनाने जा रहा है जिससे सैलानी जंगल सफारी कर सकेंगे। विभाग 26 किमी का जंगल सफारी ट्रैक तैयार कर रहा है, जो नवंबर तक तैयार हो जाएगा और उसके बाद सैलानियों के लिए खोला जाएगा।
कालाढूंगी रेंज के डिप्टी रेंजर भूपेंद्र बिष्ट के अनुसार मूसाबंगर ब्रह्मबुबु रोड पर पर्यटन गेट बनेगा। यहां सैलानी जंगल सफारी के लिए प्रवेश करेंगे। इसके बाद सैलानी बोर नदी, मूसाबंगर होते हुए पवलगढ़ तक जाएंगे। 10 किमी ट्रैक घने जंगल से होकर गुजरेगा जिसमें ग्रासलैंड, सादरी चौड़ और मिश्रित साल का जंगल शामिल है। इन स्थानों पर सैलानियों को बाघ, तेंदुआ, हाथी सहित अन्य वन्यजीवों के दीदार होंगे। कालाढूंगी से प्रवेश करने के बाद पर्यटन पवलगढ़ पर निकलेंगे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›