Report by : CWN Desk
Published at :
बुजुर्गों और मेधावियों को सम्मानित करेगा सकलानी बंधु कल्याण समिति

देहरादून। सकलानी बंधु कल्याण समिति का वार्षिक सम्मेलन 29 जून, रविवार को श्रेष्ठ वेडिंग पॉइंट, मोथरो वाला में आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में वरिष्ठ नागरिकों और बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।

समिति के अध्यक्ष मनोहर लाल सकलानी ने बताया कि इस सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में श्री गुरु राम राय यूनिवर्सिटी की उपकुलपति कुमुद सकलानी तथा नगर पालिका मसूरी की अध्यक्ष मीरा सकलानी शामिल होंगी। बैठक में समिति के अध्यक्ष ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से समाज को संगठित करने और उसे मजबूती देने के साथ-साथ बच्चों को प्रोत्साहित करना मुख्य उद्देश्य है।

उन्होंने कहा कि समिति ने पहले सकलानी वंशावली का विमोचन कर बिरादरी को अपनी जड़ों से जोड़ने का प्रयास किया है। अब इस सम्मेलन में संगठन को मजबूत करने के लिए रणनीति पर मंथन किया जाएगा और आगामी वर्ष के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। साथ ही नए सदस्य जोड़ने पर भी विचार किया जाएगा।

महामंत्री बद्री प्रसाद सकलानी और कोषाध्यक्ष सुकेश सकलानी ने कहा कि समिति मेधावी छात्राओं को भविष्य में आर्थिक मदद प्रदान करने की योजना बना रही है ताकि वे शिक्षा में आगे बढ़ सकें। सम्मेलन के अंत में सभी अतिथियों को पारंपरिक गढ़वाली भोज परोसा जाएगा, जिसमें भड्डू की दाल, भात और झंगोरे की खीर शामिल होगी।

बैठक में गंगा प्रसाद सकलानी, विनीत सकलानी, विजेंद्र सकलानी, कुशल प्रसाद सकलानी, बीडी सकलानी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›