Report by : CWN Desk
Published at :
कालाढूंगी में परीक्षा के दौरान स्कूली बच्चों पर मधुमक्खियों का हमला, सात लोग घायल

कालाढूंगी। राजकीय प्राथमिक विद्यालय चकलुवा में गुरुवार को परीक्षा के दौरान बच्चों पर मधुमक्खियों ने अचानक हमला कर दिया। इस घटना में छह बच्चे और एक भोजनमाता समेत सात लोग घायल हो गए। स्थिति बिगड़ते देख शिक्षक और भोजनमाता ने सूझबूझ दिखाते हुए बच्चों पर दरी और कंबल डालकर उन्हें हमले से बचाया और सुरक्षित कमरे में पहुंचाया। घायल बच्चों को सीएचसी कालाढूंगी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।

अचानक हुआ मधुमक्खियों का हमला

घटना गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे की है। राप्रावि चकलुवा में बच्चे परीक्षा दे रहे थे, तभी अचानक जंगल से आए मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। मधुमक्खियों के हमले से स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। बच्चे इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान स्कूल में मौजूद शिक्षक और भोजनमाता ने बच्चों को बचाने के लिए उन पर दरी और कंबल डालकर उन्हें सुरक्षित कमरे में पहुंचाया।

छह बच्चे और भोजनमाता घायल

हमले में भोजनमाता ललीता देवी, कक्षा दो की छात्रा आराध्या, ललीता, कक्षा तीन के छात्र योगेंद्र, रोहित, हिमांशु और रिकीं को मधुमक्खियों ने काटकर घायल कर दिया।

एंबुलेंस से बच्चों को पहुंचाया अस्पताल

प्रधानाचार्य मनोज कुमार ने तुरंत एंबुलेंस 108 को फोन कर घायल बच्चों को सीएचसी कालाढूंगी पहुंचाया। चिकित्सकों ने बच्चों का प्राथमिक उपचार किया और स्थिति सामान्य होने के बाद सभी को घर भेज दिया। घटना के बाद से स्कूल प्रशासन ने सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›