Connect with us

हरिद्वार

रुड़की में शर्मनाक वारदात: 95 साल की नानी से दुष्कर्म और हत्या का प्रयास, नाती गिरफ्तार

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हरिद्वार के रुड़की (मंगलौर) में शराब के नशे में धुत नाती ने 95 वर्षीय नानी से किया दुष्कर्म। शोर सुनकर पहुंचे परिजनों ने रंगे हाथों दबोचा। पुलिस जांच में जुटी।

हरिद्वार। जिले के रुड़की क्षेत्र से रिश्तों को तार-तार करने वाली एक बेहद सनसनीखेज और शर्मनाक वारदात सामने आई है। यहाँ मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के नारसन चौकी अंतर्गत आने वाले एक गांव में, शराब के नशे में धुत एक कलयुगी नाती पर अपनी ही 95 वर्षीय बुजुर्ग नानी के साथ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। इस घिनौनी करतूत का विरोध करने पर आरोपी ने बुजुर्ग महिला का गला दबाकर उन्हें जान से मारने की कोशिश भी की, जिससे वह अचेत हो गईं।
मूल रूप से ज्वालापुर (हरिद्वार) का रहने वाला आरोपी युवक पिछले करीब तीन साल से अपनी नानी के गांव में ही एक किराए के मकान में रह रहा था। परिजनों के अनुसार, आरोपी का अक्सर अपनी नानी के घर आना-जाना लगा रहता था। यह खौफनाक घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है, जब आरोपी अत्यधिक शराब के नशे में धुत होकर चुपके से बुजुर्ग नानी के कमरे में दाखिल हो गया, जहाँ वह अकेली सो रही थीं।
कमरे में घुसकर आरोपी ने बुजुर्ग महिला के साथ दरिंदगी शुरू कर दी। जब पीड़िता ने शोर मचाने का प्रयास किया, तो आरोपी ने पकड़े जाने के डर से उनका गला घोंट दिया, जिससे वह बेहोश हो गईं। हालांकि, इस दौरान कमरे से आ रही संदिग्ध आवाजों को सुनकर घर के अन्य सदस्यों की नींद खुल गई। जब परिजन भागकर कमरे में पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए और उन्होंने आरोपी को रंगे हाथों मौके पर ही दबोच लिया।
परिजनों की सूचना पर नारसन चौकी और मंगलौर कोतवाली पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने गंभीर हालत में बुजुर्ग महिला को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उनका मेडिकल टेस्ट कराया गया है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटा लिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और बयानों के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Select Language

Advertisement