Report by : CWN Desk
Published at :
देहरादून में ऑनलाइन सट्टा रैकेट का भंडाफोड़, दिल्ली के छह आरोपी गिरफ्तार; दुबई से संचालित हो रहा था नेटवर्क

देहरादून। दून पुलिस ने दुबई से संचालित एक बड़े ऑनलाइन सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए दिल्ली के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बुधवार देर रात राजपुर रोड स्थित एक होम स्टे में गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस ने मौके से दो लैपटॉप, 17 मोबाइल फोन, 5.33 लाख रुपये नकद और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। गिरफ्तार किए गए आरोपी आईपीएल मैचों के दौरान प्रतिबंधित सट्टा ऐप के माध्यम से करोड़ों रुपये की सट्टेबाजी कर रहे थे।

एसएसपी अजय सिंह ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि एसओजी और राजपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने राजपुर रोड स्थित कोजी नेस्ट होम स्टे पर छापा मारा। यहां चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच चल रहे आईपीएल मुकाबले पर सट्टा लगवाया जा रहा था। आरोपी दिल्ली से देहरादून आकर बुकी का काम कर रहे थे और सट्टे की रकम नकद व ऑनलाइन माध्यम से एकत्रित की जा रही थी।

पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का संचालन दुबई में बैठे सरगनाओं के इशारे पर हो रहा था। आरोपी लोगों को एक लिंक भेजते थे, जिस पर क्लिक करने के बाद उन्हें एक नंबर मिलता था, जिससे संपर्क कर सट्टे की रकम का लेन-देन होता था। आरोपियों की योजना आईपीएल सीजन के दौरान करोड़ों रुपये का कलेक्शन करने की थी, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस को आरोपियों के बैंक खातों में करोड़ों रुपये के लेनदेन के सुराग मिले हैं, जिसकी जांच की जा रही है। एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपी दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों के रहने वाले हैं।

गिरफ्तार आरोपी:

  • चेतन शर्मा (34), मजनू का टीला, नॉर्थ दिल्ली
  • शक्ति सिंह (35), केवल पार्क एक्सटेंशन, नॉर्थ दिल्ली
  • धीरज शर्मा (29), खजूरी खास, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली
  • निशांत (35), नवाड़ा हाउसिंग कॉम्प्लेक्स, दिल्ली
  • करण (29), संत नगर, करोल बाग, दिल्ली
  • सोहन सिंह (44), कृषि अपार्टमेंट, विकासपुरी, दिल्ली

पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में जांच जारी है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›