Report by : CWN Desk
Published at :
साइबर ठगी का भंडाफोड़: हल्द्वानी में ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह के छह आरोपी गिरफ्तार

हल्द्वानी। उत्तराखंड एसटीएफ और काठगोदाम पुलिस ने एक बड़े साइबर ठगी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए हल्द्वानी क्षेत्र से छह साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी फर्जी वेबसाइट और गेमिंग प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल कर लोगों को ठगने का काम कर रहे थे। आरोपी ग्राम बासुली, अमृतपुर स्थित एक निर्माणाधीन होमस्टे में किराए पर रहकर ठगी का संचालन कर रहे थे।

एसएसपी एसटीएफ नवनीत सिंह ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि गिरोह इंटरनेट, व्हाट्सएप और टेलीग्राम ग्रुप्स के जरिये सक्रिय था। वे विभिन्न व्यक्तियों के नाम पर फर्जी बैंक खाते, सिम कार्ड और बार कोड स्कैनर जुटाकर साइबर धोखाधड़ी करते थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से छह लैपटॉप, 23 मोबाइल फोन, नौ बैंक खातों की जानकारी, 17 एक्टिव सिम कार्ड, वाईफाई डिवाइस, एटीएम, चेकबुक आदि जब्त किए हैं।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी करोड़ों रुपये की साइबर ठगी कर चुके हैं। सेंटर संचालक जतिन पांडे (21) निवासी अमृतपुर को इस गिरोह का मुख्य आरोपी बताया गया है। पूछताछ में जतिन ने बताया कि उसे हल्द्वानी निवासी प्रियांशु और सचिन नामक युवकों ने इस नेटवर्क से जोड़ा। इसके बाद उसने बाकी युवकों को 20-25 हजार रुपये मासिक वेतन पर टीम में शामिल कर लिया।

गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों में कमल किशोर (20) निवासी जाड़ापानी, हर्ष बोरा (19) निवासी गौलापार, कौशल किशोर उर्फ आशीष ठाकुर (25) निवासी कन्नौज (उ.प्र.), प्रेम कुमार (20) और करन केवट (22) निवासी धौलाखेड़ा, हल्द्वानी शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ कुमाऊं क्षेत्र में अब तक 12 से अधिक शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं।

एएसपी स्वप्न किशोर, सीओ अंकुश मिश्रा और सीओ आरबी चमोला के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने काठगोदाम थाना पुलिस के सहयोग से यह कार्रवाई की। फिलहाल सभी आरोपियों पर साइबर ठगी, फर्जी दस्तावेज और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच जारी है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की भी तलाश कर रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›