Report by : CWN Desk
Published at :
15 करोड़ रुपये की साइबर ठगी करने वाला एसटीएफ ने अहमदाबाद से गिरफ्तार किया

फर्जी वेबसाइट से लोगों को फंसाता था जाल में, 17 राज्यों की पुलिस को थी तलाश
देहरादून। निवेश के नाम पर देशभर में करीब 15 करोड़ रुपये ठगने के आरोपी को स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने अहमदाबाद से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ 102 से अधिक साइबर शिकायतें हैं।
एसटीएफ एसएसपी आयुष अग्रवाल ने बताया कि इस मामले में दून के एक व्यक्ति ने मुकदमा दर्ज कराया था। उनको अनजान नंबर से कॉल आई थी। फोन करने वाले ने निवेश के जरिये 30 से 40 फीसदी तक मोटा मुनाफा कमाने का झांसा दिया था। आरोप है कि इसके बाद पीड़ित को टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ा गया। कुछ टास्क देकर 34.08 लाख रुपये का निवेश करा दिया, लेकिन न कोई मुनाफा हुआ और न मूल रकम वापस मिली।
काफी जांच के बाद आरोपी की पहचान हंटर पुत्र पूजवेल्ट निवासी अहमदाबाद गुजरात के रूप में हुई। 17 राज्यों की पुलिस को उसकी तलाश थी। एसटीएफ ने दबिश देकर उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ देशभर में 102 शिकायतें दर्ज हैं। यह आरोपी निवेश के नाम पर लोगों से 15 करोड़ 20 लाख रुपये ठग चुका है।
अग्रवाल ने बताया कि साइबर ठग सबसे पहले फर्जी वेबसाइट बनाते हैं। इसके बाद लोगों के मोबाइल पर लिंक और कॉल कर निवेश के लिए कहा जाता है। निवेश की रकम को अलग-अलग बैंक खातों में मंगवाया जाता है। पुलिस से बचने के लिए फर्जी सिम कार्ड उपयोग में लाए जाते हैं। लोगों को जाल में फंसाने के बाद दूसरे लोगों के खातों में रकम मंगवाई जाती है। ठगों ने फर्जी कंपनी शाह इंटरप्राइजेज मोहाली पंजाब में खोली थी। इसके नाम से बैंक अकाउंट भी खोले गए, जिसमें देशभर से करोड़ों रुपये का ट्रांजेक्शन किया गया। आरोपी के कब्जे से 14 विभिन्न खातों के दस्तावेज भी मिले।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›