Report by : CWN Desk
Published at :
3.70 करोड़ की ज्वैलरी लूट में फरार चल रहे गैंगस्टर को STF ने हरिद्वार से दबोचा

देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 3.70 करोड़ की बहुचर्चित ज्वैलरी लूट मामले में फरार चल रहे वांछित अभियुक्त मो. राहुल उर्फ शाकिब को हरिद्वार के कलियर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई उत्तराखंड पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देश पर चलाए जा रहे ईनामी व गैंगस्टर अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान के तहत की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ नवनीत सिंह भुल्लर ने जानकारी देते हुए बताया कि बिहार के पूर्णिया जिले में स्थित खजांची हाट थाना क्षेत्र के तनिष्क शोरूम में 26 जुलाई 2024 को हथियारबंद 6 बदमाशों ने धावा बोलकर 3 करोड़ 70 लाख रुपए की ज्वैलरी लूट ली थी। इस सनसनीखेज वारदात में शामिल अभियुक्त चुनमुन झा पुलिस एनकाउंटर में मारा गया था, जबकि चार अन्य पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं।
मुख्य अभियुक्त मो. राहुल उर्फ शाकिब घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। बिहार एसटीएफ से मिली गोपनीय सूचना के आधार पर उत्तराखंड एसटीएफ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे कलियर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी गंभीर रहा है। वर्ष 2021 में उसने अपने साथी चुनमुन झा के साथ मिलकर लोक जनशक्ति पार्टी के एक नेता की हत्या की थी, जिसमें उसे दो साल की जेल भी हो चुकी है। STF अब उससे आगे की पूछताछ कर रही है और बिहार पुलिस को सुपुर्दगी की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›