देहरादून
उत्तराखंड में ‘प्रहार’ नीति लागू: DGP दीपम सेठ ने जारी किए कड़े सुरक्षा निर्देश
उत्तराखंड पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने सुरक्षा समीक्षा बैठक में आतंकवाद निरोधी नीति ‘प्रहार’ लागू करने और सोशल मीडिया निगरानी बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए।
देहरादून। उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ की अध्यक्षता में अभिसूचना एवं सुरक्षा विभाग की एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में राज्य की कानून-व्यवस्था, आतंकवाद नियंत्रण और सुरक्षा से जुड़े कई अहम बिंदुओं पर चर्चा की गई। बैठक में एटीएस, एसटीएफ और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी प्रत्यक्ष व ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए।
बैठक के दौरान पुलिस महानिदेशक ने राष्ट्रीय स्तर पर संचालित भारत की पहली आतंकवाद निरोधी नीति ‘प्रहार’ को राज्य में धरातल पर क्रियान्वित करने पर विशेष बल दिया। इसके साथ ही पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को कट्टरपंथी बनाने के इनपुट्स पर भी विचार किया गया। डीजीपी ने सभी जनपदों को सतर्क रहने और ऐसे संदिग्ध तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए।
आगामी विधानसभा चुनावों, चारधाम यात्रा, कुंभ मेला और प्रमुख त्योहारों के दृष्टिगत राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के सख्त आदेश जारी किए गए हैं। मुख्यमंत्री और अन्य विशिष्ट महानुभावों की सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने पर जोर दिया गया। इसके अलावा, चीन और नेपाल से सटी अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के साथ इंटर-एजेंसी कोऑर्डिनेशन बैठक आयोजित की जाएगी।
साइबर सुरक्षा और सोशल मीडिया निगरानी को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। फेसबुक, एक्स और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म्स पर 24 घंटे सघन निगरानी रखने के आदेश दिए गए हैं, ताकि भड़काऊ सामग्री या डीपफेक वीडियो से सांप्रदायिक सौहार्द न बिगड़े। किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों या अफवाहों का तत्काल आधिकारिक खंडन जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
