Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी एमबीपीजी में छात्रसंघ चुनाव से पहले भिड़े छात्रनेता, मारपीट में घायल

चार नामजद और आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, अराजकता का माहौल
हल्द्वानी। छात्रसंघ चुनावी रैलियों की वजह से बुधवार को पूरा शहर जाम रहा। एमबीपीजी कॉलेज में दो गुटों में जबरदस्त झड़प हो गई। एक पूर्व छात्रसंघ पदाधिकारी देवेंद्र नेगी के मुंह पर मुक्का मार दिया, जिससे उनके मुंह से खून निकलने लगा। पुलिस मामला काबू में कर पाती, इससे पहले ही अन्य पूर्व छात्रसंघ पदाधिकारियों ने मारपीट करने वालों को कॉलेज से बाहर खदेड़ना शुरू कर दिया। करीब एक घंटे तक नैनीताल हाईवे पर दोनों गुटों में पुलिस के सामने ही खूब लात-घूंसे चले। दो से तीन छात्रनेताओं को पुलिस ने हिरासत में लेकर कोतवाली भेजा।
एमबीपीजी कॉलेज में चुनाव प्रचार बुधवार को भी जारी रहा। दोपहर बाद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव समेत कई पदों के दावेदार एक-एक कर समर्थकों संग नैनीताल रोड पर जुलूस निकालने लगे। तभी उपाध्यक्ष पद का दावेदार अपने साथ भीड़ लेकर कॉलेज में दाखिल हुआ। इस बीच कॉलेज में ही रैली निकाल रहे एक अन्य दावेदार के समर्थकों से उसका आमना-सामना हो गया। उपाध्यक्ष दावेदार के समर्थकों ने पूर्व छात्रसंघ पदाधिकारी पर हमला कर दिया। इससे बाद हंगामा शुरू हुआ। मारपीट करने वालों को कॉलेज परिसर से दौड़ाकर बाहर खदेड़ा गया। दोनों गुटों में खूब हाथापाई हुई। आरोप था कि उपाध्यक्ष दावेदार के समर्थन में कई बाहरी लोग कॉलेज पहुंचे। इनमें से कई पर पूर्व में कई मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। शहर के एक चर्चित गैंग से जुड़े हैं। प्राचार्य डॉ.एनएस बनकोटी ने बताया कि अराजकता कर रहे छात्रों को पुलिस ने परिसर से बाहर कर दिया था। छात्रसंघ चुनावी आचार संहिता लागू कर दी गई है। ऐसे में अब जो भी प्रत्याशी कॉलेज में प्रचार करेंगे, उन्हें बैंड बाजा, ढोल नगाड़े और वाहन अंदर लाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›