Report by : Paras Bisht
Published at :
वनभूलपुरा: MBPG कॉलेज के छात्रों ने CM धामी से की अपील, परीक्षा तक अतिक्रमण कार्रवाई रोकी जाए

MBPG कॉलेज के छात्र नेता मयंक गोस्वामी के नेतृत्व में छात्रों ने CM पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपा। छात्रों ने परीक्षाओं के कारण वनभूलपुरा क्षेत्र में अतिक्रमण कार्रवाई रोकने का आग्रह किया।

हल्द्वानी। संवेदनशील वनभूलपुरा क्षेत्र में संभावित अतिक्रमण हटाओ अभियान के मद्देनजर, एमबीपीजी कॉलेज (MBPG College) के छात्रों ने एक महत्वपूर्ण मांग के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपा है। छात्र नेता मयंक गोस्वामी के नेतृत्व में छात्रों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाक़ात की और एक मानवीय अपील की है। छात्रों का आग्रह है कि वर्तमान समय में क्षेत्र के छात्रों की वार्षिक परीक्षाएँ निकट हैं, इसलिए क्षेत्र में फिलहाल कोई भी अतिक्रमण कार्रवाई न की जाए।
ज्ञापन में वनभूलपुरा क्षेत्र के हिंदू और मुस्लिम, दोनों समुदायों के भाई-बहनों के भविष्य का हवाला दिया गया है। छात्र नेताओं ने तर्क दिया कि यदि इस समय अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाती है, तो इससे न केवल क्षेत्र में अशांति फैलेगी, बल्कि सीधे तौर पर हजारों छात्रों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित होगी। विस्थापन और तनाव के माहौल में छात्रों के लिए अपनी परीक्षाओं पर ध्यान केंद्रित करना असंभव हो जाएगा। छात्रों की इस पहल को क्षेत्र के लोगों की चिंता के रूप में देखा जा रहा है।
छात्र नेता मयंक गोस्वामी ने मीडिया को बताया कि उनकी मांग किसी अवैध निर्माण का समर्थन करना नहीं है, बल्कि केवल समय की मांग को देखते हुए परीक्षाओं तक कार्रवाई को टालना है। उन्होंने कहा कि एक बार परीक्षाएँ समाप्त हो जाने के बाद प्रशासन अपनी कानूनी कार्रवाई जारी रख सकता है। छात्र प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को वनभूलपुरा की संवेदनशीलता और छात्रों के भविष्य की चुनौतियों से अवगत कराया।
इस दौरान मयंक गोस्वामी के साथ हर्ष शर्मा, आयुष नागर, सार्थक रस्तोगी और गौरव सुपयल समेत कई छात्र मौजूद थे। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि छात्रों के व्यापक हित को देखते हुए इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप किया जाए। अब देखना यह है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी छात्र समुदाय की इस अपील पर क्या निर्णय लेते हैं, क्योंकि सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि अदालत का जो भी फैसला आएगा, उस पर अमल किया जाएगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›