Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी में 12वीं के छात्र ने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाई

हल्द्वानी। नैनीताल के प्रतिष्ठित स्कूल में पढऩे वाले छात्र की आत्महत्या से जुड़े मामले में नया मोड़ आया है। काठगोदाम थाने में इस मामले में चार लोगों के विरुद्ध मारपीट, गाड़ी में तोड़फोड़ और आत्महत्या को उकसाने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मृतक के पिता का कहना है कि मारपीट और बतमीजी से आहत होकर ही बेटे ने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया।
दमुवाढूंगा के कैलाश व्यू कालोनी निवासी एमपी साह मर्चेट नौकरी में अमेरिका में तैनात हैं। बेटा देव नैनीताल के एक स्कूल में पढ़ाई करता है। नौ अगस्त को देव अपने साथियों संग भुजियाघाट में एक दोस्त की बर्थडे पार्टी में गया था। वापसी में देव की गाड़ी से निर्मला स्कूल के पास एक अन्य गाड़ी में टक्कर लग गई।
इसके बाद घबराहट में जब उसने गाड़ी आगे बढ़ाई तो पोलो कार सवार रेहान, अरफराज नसीम, कृष्णा और तनिष्क ने देव की गाड़ी को जबरन रोकना शुरू कर दिया। आरोप है कि रेहान ने पीछा कर अपने साथियों संग पत्थरों से हमला कर गाड़ी को नुकसान भी पहुंचाया। साथ ही देव को पीटना भी शुरू कर दिया।
इसके बाद देव किसी तरह घायल हालत में ही दमुवाढूंगा स्थित अपने घर पहुंच गया। यहां अगली सुबह उसका शव फंदे से लटका मिला। वहीं, पीड़ित परिवार का कहना है कि रेहान और उसके साथियों की प्रताड़ना की वजह से ही देव ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया है। इसलिए सभी आरोपितों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। फिलहाल पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›