Report by : CWN Desk
Published at :
भाजपा कार्यालय नोटिस का जवाब देने पहुंचे सुरेश राठौर, दूसरी शादी से किया इनकार

देहरादून। पार्टी के नोटिस का जवाब देने भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे ज्वालापुर के पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने अपनी दूसरी शादी से इनकार कर दिया। मंगलवार को बलवीर रोड स्थित भाजपा कार्यालय में नोटिस का जवाब देने आए राठौर ने मीडिया से कहा कि क्या किसी ने उन्हें वरमाला पहनाते देखा है? उन्होंने साफ किया कि दूसरी शादी जैसी कोई बात नहीं है।
गौरतलब है कि हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें सुरेश राठौर एक महिला के साथ दूसरी शादी की स्वीकारोक्ति करते दिख रहे थे। इस वीडियो के आधार पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री राजेंद्र बिष्ट ने राठौर को पार्टी अनुशासन तोड़ने और पार्टी की छवि खराब करने के आरोप में नोटिस जारी किया था।
मीडिया से बातचीत में राठौर ने कहा कि उन्होंने अपनी स्थिति प्रदेश अध्यक्ष व संगठन के समक्ष स्पष्ट कर दी है। उन्होंने कहा कि उन्होंने यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) सहित किसी भी अन्य कानून का उल्लंघन नहीं किया है। राठौर ने इस विवाद के लिए कांग्रेस नेताओं पर राजनीति करने का आरोप लगाया।
पूर्व विधायक राठौर ने कहा कि कुछ कांग्रेस नेताओं की खुद की दो-दो शादियां हैं, लेकिन उन पर कोई सवाल नहीं उठाता। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि अगर कांग्रेस नेता इतने ही सच्चे हैं, तो उन्हें अपने नेताओं के वीडियो भी वायरल करने चाहिए।
गौरतलब है कि इस मामले को लेकर भाजपा संगठन ने राठौर से सात दिन में स्पष्टीकरण मांगा था। हालांकि, राठौर के स्पष्टीकरण के बाद अब पार्टी इस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›