Report by : Paras Bisht
Published at :
सुशीला तिवारी अस्पताल गेट के पास पड़ा मिला युवक, ‘शव’ समझकर मची खलबली, फिर अचानक उठ खड़ा हुआ

हल्द्वानी। सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) के मुख्य गेट के पास मंगलवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब लोगों को घास और पत्तों के नीचे एक युवक बेसुध पड़ा मिला। युवक की कोई हरकत न देख लोगों को लगा कि वहां किसी का शव पड़ा है। यह देख मौके पर मौजूद लोगों और सुरक्षाकर्मियों में खलबली मच गई।

घटना दोपहर करीब साढ़े बारह बजे की है। अस्पताल के बाहर स्थित एटीएम के पास कुछ राहगीरों की नजर घास-पत्तों के नीचे लेटे एक युवक पर पड़ी। युवक में कोई हलचल न देखकर लोगों ने तुरंत उसे मृत समझ लिया और शोर मचाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते वहां भीड़ जुटने लगी और सुरक्षाकर्मियों को सूचना दी गई।

एसटीएच प्रबंधन ने भी तुरंत पुलिस को सूचित किया। मौके पर मौजूद लोगों ने युवक को आवाज देकर जगाने की कोशिश की, लेकिन लगभग 10 से 15 मिनट तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। तभी अचानक शोरगुल बढ़ने पर युवक उठकर बैठ गया, जिसे देख लोग हैरान रह गए।

अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों ने जब युवक से पूछताछ की तो वह कोई जवाब दिए बिना वहां से चुपचाप चला गया।

इस घटनाक्रम के चलते कुछ देर के लिए अस्पताल परिसर के बाहर अफरा-तफरी का माहौल रहा। हालांकि युवक के उठकर चले जाने से बड़ी राहत भी महसूस की गई।

फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है और न ही यह स्पष्ट हो पाया कि वह वहां क्यों और किस हालत में लेटा था।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›