अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
अल्मोड़ा में युवक की संदिग्ध मौत, पिटाई के बाद रास्ते में तोड़ा दम, जांच शुरू
अल्मोड़ा की भनोली तहसील के सेली गांव में 40 वर्षीय चंद्रशेखर पांडेय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत। मारपीट के बाद हल्द्वानी ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम।
अल्मोड़ा। जनपद अंतर्गत भनोली तहसील के सेली गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान सेली गांव निवासी 40 वर्षीय चंद्रशेखर पांडेय (पुत्र नारायण दत्त पांडेय) के रूप में हुई है। आरोप है कि शनिवार रात अज्ञात कारणों के चलते उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी। इस घटना के बाद से ही पूरे गांव में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार रात चंद्रशेखर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाए गए थे। परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौलादेवी पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद युवक की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल अल्मोड़ा रेफर कर दिया। अल्मोड़ा में भी स्थिति में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर हल्द्वानी के लिए रवाना किया, लेकिन रविवार तड़के करीब चार बजे रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
इस पूरे मामले में पारिवारिक विवाद की आशंका भी जताई जा रही है। सेली गांव के ग्राम प्रधान कैलाश चंद्र पांडे ने बताया कि मृतक ने करीब दो महीने पहले ही अपनी बेटी की शादी हरियाणा में की थी। बीते शुक्रवार को ही उनकी बेटी और दामाद गांव आए हुए थे। इसके बाद शनिवार रात को यह दर्दनाक घटना घटित हो गई। हालांकि, मारपीट और विवाद के वास्तविक कारणों का सटीक खुलासा पुलिसिया जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
घटना की लिखित सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया है। पुलिस ने मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अल्मोड़ा के बेस अस्पताल में रखा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
