चमोली/उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग/टिहरी/पौड़ी
टिहरी झील बनेगा इंटरनेशनल टूरिस्ट डेस्टिनेशन, थौलधार महोत्सव में बोले CM धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी के थौलधार में प्रथम खेलकूद एवं सांस्कृतिक महोत्सव में शिरकत की। टिहरी झील को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने और UCC पर बड़ा बयान।
टिहरी गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को थौलधार ब्लॉक के छाम स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित प्रथम खेलकूद एवं सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टालों का निरीक्षण किया और समान नागरिक संहिता (UCC) के तहत पंजीकरण कराने वाले स्थानीय नागरिकों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टिहरी झील को वैश्विक पर्यटन का केंद्र बनाने के लिए सरकार संकल्पबद्ध है। झील के चारों ओर रिंग रोड का निर्माण किया जाएगा, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे। उन्होंने बताया कि पैराग्लाइडिंग और ट्रैकिंग जैसे साहसिक खेलों के माध्यम से टिहरी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है।
सांस्कृतिक मूल्यों पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी लोक संस्कृति के संरक्षण से ही देवभूमि की पहचान मजबूत होगी। उन्होंने नीति आयोग की सतत विकास लक्ष्यों (SDG) की सूची में उत्तराखंड को प्रथम स्थान मिलने का श्रेय राज्य की विकासोन्मुख नीतियों को दिया। उन्होंने कहा कि सरकार ‘लखपति दीदी’ और ‘रिवर्स पलायन’ जैसी योजनाओं से गांवों को आत्मनिर्भर बना रही है।
कठोर निर्णयों का जिक्र करते हुए सीएम धामी ने कहा कि देवभूमि की शांति भंग करने वालों के खिलाफ सरकार सख्त है। दंगारोधी कानून और अवैध अतिक्रमण के खिलाफ की गई कार्रवाई इसका प्रमाण है। अंकिता भंडारी प्रकरण पर उन्होंने दोहराया कि सरकार शुरू से ही परिवार के साथ थी और उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए ही CBI जांच की संस्तुति की गई है।
