Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी में दुल्हन करते रह गई इंतजार, इसलिए नहीं आई बरात, मुकदमा दर्ज

हल्द्वानी। शादी का झांसा देकर युवती के साथ शारीरिक शोषण करने और फिर विवाह से मुकरने का मामला सामने आया है। युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी युवक और उसके परिजनों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता ने मुखानी थाना पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से तल्लीताल थाना क्षेत्र की रहने वाली है और वर्तमान में हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र में किराए पर रहती है। उसने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले जब वह रुद्रपुर में रहती थी, तब उसके पड़ोस में बिंदुखत्ता, लालकुआं निवासी मनीष जोशी रहता था। पड़ोसी होने के नाते दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और दोस्ती गहरी होती चली गई। कुछ समय बाद मनीष ने युवती के सामने विवाह का प्रस्ताव रखा, जिसे उसने सहर्ष स्वीकार कर लिया।

पीड़िता का आरोप है कि शादी के वादे के बाद मनीष ने उसका शारीरिक शोषण किया। युवती को विश्वास था कि वह उससे विवाह करेगा, इसलिए उसने संबंध बनाए। इसी बीच दोनों ने आपसी सहमति से दो मार्च को विवाह करने का निर्णय लिया और हल्द्वानी के आर्य समाज मंदिर में शादी करने की योजना बनाई।

नियत तिथि पर युवती अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ मंदिर पहुंच गई। उसने विवाह के लिए दुल्हन की तरह तैयार होकर मनीष का इंतजार किया, लेकिन न तो मनीष आया और न ही उसके परिवार के लोग। जब युवती ने मनीष को फोन किया तो उसका फोन स्विच ऑफ मिला। काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी जब मनीष नहीं आया, तो युवती ने समझ लिया कि उसके साथ धोखा हुआ है।

हताश और निराश होकर वह अपने परिवार के साथ मुखानी थाने पहुंची और मनीष जोशी तथा उसके परिवार वालों के खिलाफ लिखित शिकायत दी। पुलिस ने युवती की तहरीर के आधार पर आरोपी युवक और उसके परिवार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना एक बार फिर समाज में महिलाओं की सुरक्षा और उनके साथ हो रहे धोखाधड़ी के मामलों को उजागर करती है। पुलिस की सक्रियता से उम्मीद की जा रही है कि आरोपी जल्द ही गिरफ्त में आएंगे और पीड़िता को न्याय मिलेगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›