Report by : CWN Desk
Published at :
ऋषिकेश में गंगा में राफ्ट पलटने से बंगलुरू के पर्यटक की मौत

पर्यटक अपने दोस्तों संग राफ्टिंग करने आया था ऋषिकेश
ऋषिकेश। साथियों के साथ राफ्टिंग के लिए आया भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचइएल ) की बेंगलुरु इकाई में कार्यरत एक युवक की राफ्टिंग के दौरान गंगा में गिरने से मौत हो गई। युवक साथियों के साथ बीएचइएल हरिद्वार में आयोजित संस्थान की कैरम प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आया हुआ था।
थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मणझूला रवि कुमार सैनी ने बताया कि बीएचइएल बेंगलुरु में कार्यरत आठ युवक गुरुवार को राफ्टिंग के लिए ऋषिकेश आए थे। इनमें से छह युवकों ने राफ्ट इंडिया कंपनी की एक राफ्ट बुक करा कर शिवपुरी से मुनिकीरेती के लिए राफ्टिंग की। सभी युवकों ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी।
गरुड़चट्टी के पास गोल्फ कोर्स रेपिड पर अचानक तेज बहाव में उनकी राफ्ट पलट गई, जिससे राफ्ट में सवार सभी छह लोग नीचे गिर गए। राफ्ट गाइड ने पांच को रेस्क्यू कर वापस राफ्ट पर पहुंचाया। मगर, इस बीच गंगा के तेज बहाव में दल में शामिल 36 वर्षीय गौतम निवासी विहाना लेआउट, यशवंतपुर बेंगलुरु काफी दूर तक बह गया, जिसे गाइड ने अन्य साथियों की मदद से रेस्क्यू कर राफ्ट में पहुंचाया।
मगर, तब तक युवक के पेट में काफी मात्रा में पानी चला गया था और वह बेहोश हो गया। युवक को मौके पर ही प्राथमिक उपचार देने के बाद तत्काल एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक सैनी ने बताया कि शव को मोर्चारी में रखवा दिया है।
युवक के स्वजन को भी इस संबंध में जानकारी दे दी गई है। पुलिस से पूछताछ में गौतम के साथी प्रकाश ने बताया कि वह सभी बीएचइएल बेंगलुरु में अलग-अलग पदों पर कार्यरत हैं। उनकी टीम बीएचइएल हरिद्वार में आयोजित संस्थान की कैरम प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए यहां आई थी। प्रतियोगिता के बाद गुरुवार को वह ऋषिकेश में राफ्टिंग करने के लिए आए थे, जहां यह हादसा हो गया।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›