Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी जजफार्म में निर्माणाधीन मकान में पानी का छिड़काव करते समय करंट लगने से मजदूर की मौत

हल्द्वानी। जजफार्म स्थित निर्माणाधीन मकान में पानी का छिड़काव करते समय ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से बिहार के मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि मोटर का तार लगाते समय करंट लगने से मजदूर की जान गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं प्रशासन की टीम ने भवन के नक्शे में खामी पाए जाने पर निर्माणाधीन भवन को सील कर दिया है।
बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के मौलनिया निवासी सरल साह (45) शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे जजफार्म स्थित दिनेश चौधरी के निर्माणाधीन तिमंजिले मकान में पानी का छिड़काव कर रहा था। पाइप में लोहे रॉड भी बंधी थी। छिड़काव करते समय लोहे की रॉड हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गई जिससे करंट लगने से सरल साह की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं कुछ लोगों का कहना है कि सरल पानी का छिड़काव करने के लिए मोटर चलाने गया था। मोटर का तार जोड़ते समय करंट की चपेट में आ गया। सरल को साथी श्रमिक सुशीला तिवारी अस्पताल ले गए जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे के बाद श्रमिकों ने साथी की मौत पर जमकर हंगामा किया। काफी देर बाद ठेकेदार और मालिक मौके पर पहुंचे। सूचना पर पुलिस भी पहुंची। प्रशासन की टीम ने मकान का नक्शा चेक किया तो उसमें कई खामियां पाई गईं। हाईटेंशन लाइन से सटाकर तिमंजिला मकान बनाया जा रहा है। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि निर्माणाधीन मकान को सील कर दिया गया है। इधर मेडिकल चौकी पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। सरल के परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। वहीं मजदूरों ने पीड़ित परिवार को मदद करने के लिए ठेकेदार को आड़े हाथों लिया। मजदूरों का हंगामा बढ़ता देख ठेकेदार ने डेढ़-डेढ़ लाख के दो चेक मृतक के भाई राजकुमार को दिए।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›