नई दिल्ली
बदरीनाथ धाम के कपाट आज सुबह 6:15 पर खुलेंगे, फूलों से सजी बदरी पुरी
बदरीनाथ धाम के कपाट गुरुवार सुबह 6:15 बजे खुलेंगे। सीएम धामी की मौजूदगी में हजारों भक्त करेंगे अखंड ज्योति के दर्शन। डोलियां धाम पहुंच चुकी हैं, तैयारियां पूरी।
गोपेश्वर: विश्व प्रसिद्ध भगवान बदरीनाथ धाम के कपाट गुरुवार प्रातः 6 बजकर 15 मिनट पर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। कपाटोद्घाटन को लेकर प्रशासन और मंदिर समिति ने भव्य तैयारियां पूरी कर ली हैं। वर्तमान में पूरा बदरीनाथ क्षेत्र भक्तिमय माहौल और जयकारों की गूंज में डूबा हुआ है।
मंदिर प्रशासन ने कपाट खुलने से पहले मुख्य मंदिर और सिंहद्वार को हजारों क्विंटल रंग-बिरंगे फूलों से सजाया है। भगवान बदरी विशाल और अखंड ज्योति के प्रथम दर्शन पाने के लिए हजारों श्रद्धालु पहले ही धाम पहुंच चुके हैं। इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए बुधवार को उद्धव जी और कुबेर महाराज की डोलियां पांडुकेश्वर से बदरीनाथ धाम पहुंचीं। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी और गाडू घड़ा (तिल तेल कलश) भी धाम पहुंच गया है। डोलियों के आगमन के साथ ही कपाट खोलने की अंतिम प्रक्रिया शुरू हो गई है।
यात्रा मार्ग पर विष्णुप्रयाग और लामबगड़ जैसे पड़ावों पर श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। भारतीय सेना के बैंड की धुनों ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक और ऊर्जावान बना दिया है। स्थानीय लोगों ने जगह-जगह डोलियों का भव्य स्वागत कर पूजा-अर्चना की और खुशहाली की कामना की।
