Connect with us

नई दिल्ली

केदारनाथ में गौतम अडाणी: पत्नी संग किया जलाभिषेक, रोपवे प्रोजेक्ट का किया हवाई सर्वे

Published

on

खबर शेयर करें 👉

गौतम अडाणी ने शादी की 40वीं सालगिरह पर केदारनाथ धाम में पूजा-अर्चना की। साथ ही 4,081 करोड़ के सोनप्रयाग-केदारनाथ रोपवे प्रोजेक्ट का एरियल सर्वे भी किया।

रुद्रप्रयाग: दिग्गज उद्योगपति और अडाणी समूह के चेयरमैन गौतम अडाणी ने आज अपनी शादी की 40वीं सालगिरह के अवसर पर पत्नी प्रीति अडाणी के साथ बाबा केदारनाथ के दर्शन किए। अडाणी सुबह देहरादून से निजी हेलीकॉप्टर के जरिए सीधे केदारनाथ धाम पहुंचे। यहाँ उन्होंने पत्नी संग भगवान शिव का जलाभिषेक किया और देश की समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
हालांकि, अडाणी की इस यात्रा के दौरान धाम में ‘वीआईपी कल्चर’ को लेकर कुछ विवाद भी देखने को मिला। दर्शन के दौरान आम श्रद्धालुओं को रोके जाने से वहां मौजूद पुजारी और तीर्थयात्री भड़क गए और नारेबाजी करने लगे। विरोध के बावजूद अडाणी ने अपनी पूजा संपन्न की और धाम से जुड़ी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं।
दर्शन के बाद गौतम अडाणी ने प्रस्तावित सोनप्रयाग-केदारनाथ रोपवे परियोजना का एरियल सर्वे (हवाई निरीक्षण) किया। लगभग 13 किलोमीटर लंबी यह रोपवे प्रणाली अडाणी समूह द्वारा ‘पर्वतमाला योजना’ के तहत बनाई जा रही है। 4,081 करोड़ रुपए की लागत वाला यह प्रोजेक्ट दुनिया के सबसे चुनौतीपूर्ण भौगोलिक क्षेत्रों में से एक में स्थापित किया जा रहा है।
वर्तमान में श्रद्धालुओं को सोनप्रयाग से केदारनाथ तक 16 किलोमीटर की कठिन पैदल चढ़ाई करनी पड़ती है, जिसमें करीब 8 से 9 घंटे लगते हैं। इस रोपवे के शुरू होने के बाद यह सफर मात्र 36 मिनट का रह जाएगा। यह प्रोजेक्ट आधुनिक ‘3S’ तकनीक पर आधारित है, जो खराब मौसम और तेज हवाओं में भी सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करेगा।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना की क्षमता प्रति घंटे 1,800 यात्रियों को ले जाने की होगी। अडाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड को इस प्रोजेक्ट का ठेका पिछले साल मिला था, जिसे केंद्र सरकार ने मार्च 2025 में आधिकारिक मंजूरी दी थी। इस प्रोजेक्ट को पूरा होने में लगभग 5 साल का समय लगेगा, जिससे केदारनाथ यात्रा सुगम और सुरक्षित हो जाएगी।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement