Report by : कालू वर्मा
Published at :
हरिद्वार में डीएम कार्यालय में कर्मचारी ने लगाई फांसी

पंखे पर लटका मिला शव, मौके पर मिला सुसाइड नोट

हरिद्वार के रोशनाबाद से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां रोशनाबाद स्थित कलेक्ट्रेट भवन में कनिष्ठ सहायक के पद पर तैनात एक कर्मचारी ने कार्यालय में ही संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। मौके से एक सुसाइड नोट मिला है। जिसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदार खुद को ही बताया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के भेज जांच शुरू कर दी हैं।
पुलिस के अनुसार, कमल कुमार (28 वर्ष) पुत्र परागीलाल निवासी रावली महदूद थाना सिडकुल कलेक्ट्रेट भवन में आरटीआई अनुभाग में कनिष्ठ सहायक (सूचना सहायक) के पद पर तैनात था। मृतक आश्रित के तौर पर वह विभाग में भर्ती हुआ था। सोमवार को सभी कार्यालय से छुट्टी के बाद निकल गए थे, जबकि कुछ कर्मचारी कार्यालय में ही थे। इस बीच कार्यालय के कमरा नंबर 222 में कमल ने अंदर से कुंडी बंद कर ली।
कर्मचारियों ने अनहोनी की आशंका होने के चलते पहले दरवाजा खटखटाया। जब कोई आहट नहीं हुई तो मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। सोमवार की रात करीब साढ़े 11 बजे पुलिस को सूचना मिली। जिस पर तुरंत एक टीम मौके पर पहुंची। दरवाजे को तोड़कर पुलिस अंदर पहुंची तो कमल पंखे के सहारे फांसी के फंदे से लटका हुआ था।
सिडकुल थाना प्रभारी नरेश राठौड़ ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मौके से एक सुसाइड नोट मिला है। जिसमें उसने सुसाइड नोट में लिखा है कि वह अपनी मौत का खुद ही जिम्मेदार है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›