Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी में आवासीय नक्शों की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की पहल, 2 जुलाई को लगेगा कैंप

हल्द्वानी। शहरी क्षेत्र में आवासीय भवनों के नक्शे पास कराने की प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण ने नई पहल शुरू की है। हल्द्वानी नगर निगम और रामनगर नगर पालिका क्षेत्र के लोगों के लिए 2 जुलाई को कैंप लगाया जाएगा। प्राधिकरण सचिव विजय नाथ शुक्ल ने शुक्रवार को पत्र जारी कर बताया कि यह कैंप प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय हल्द्वानी (एसडीएम कार्यालय हल्द्वानी) में सुबह 11 बजे से लगेगा।

गौरतलब है कि नक्शे पास कराने में गड़बड़ियों की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं। इससे आम जनता के साथ-साथ सत्ता पक्ष के लोग भी परेशान थे। कुछ समय पूर्व मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने सांसद अजय भट्ट के कार्यक्रम में इस मसले को उठाया था। इसके बाद देहरादून तक हड़कंप मच गया था। विपक्ष ने भी इसे भ्रष्टाचार से जोड़कर सरकार को घेरा था।

अब प्राधिकरण ने इस दिशा में कदम बढ़ाते हुए कैंप लगाने का फैसला लिया है ताकि आवासीय नक्शे पास कराने की प्रक्रिया सरल और पारदर्शी हो सके। इस पहल से शहरवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›