Report by : CWN Desk
Published at :
वेब सीरीज देखने से आया लूट का आइडिया, एक व्यक्ति से पिस्टल दिखाकर लूट लिया

देहरादून की घटना, रायपुर थाना पुलिस ने एक नाबालिग समेत दो लोगों को पकड़ा, नशे के आदी हैं दोनों आरोपी
देहरादून । वेब सीरीज देख दो युवकों ने लूट का आइडिया लिया और फिर एक व्यक्ति से पिस्टल दिखाकर लूट कर दी। रायपुर थाना पुलिस ने दोनों को तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
इनमें से एक नाबालिग है। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि 22 फरवरी को बाइक सवार दो युवकों ने कुलदीप सिंह निवासी ग्राम हेतलपुर सरसावा, सहारनपुर, यूपी वर्तमान निवासी मन्दाकिनी विहार, सहस्त्रधारा रोड रायपुर सहस्त्रधारा रोड से तमंचा दिखाकर उनका फोन तथा पांच हजार रूपये लूट लिये। तहरीर के आधार पर थाना रायपुर में मुकदमा दर्ज किया गया। रायपुर थानाध्यक्ष कुंदन राम ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल के आसपास आने जाने वाले मार्गों व अन्य स्थानों पर लगे लगभग 40 सीसीटीवी कैमरों को चैक किया गया।
सूचना के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार को सहस्त्रधारा रोड मुख्य मार्ग से आरोपित विक्रम सिंह निवासी थाना झाले जिला दरभंगा विहार वर्तमान पता राजीव नगर कण्डोली रायपुर व एक अन्य नाबालिग को पकड़ लिया। घटना में इस्तेमाल तंमचा, लूटी गई धनराशि, एक मोबाइल फोन व घटना में इस्तेमाल मोटर साइकिल बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह दोनों नशे के आदी हैं तथा नशे की पूर्ति के लिये उन्होंने लूट की घटना को अंजाम दिया। वारदात को अंजाम देने के लिए पहले उन्होंने मोबाइल पर वेब सीरिज देखी, जिसे देखकर घटना का आइडिया आया था।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›