देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ साइबर क्राइम टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए OLX प्लेटफ़ॉर्म पर किराए के नाम पर साइबर ठगी करने वाले वांछित अभियुक्त को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। अभियुक्त शरीफ मोहम्मद, निवासी भरतपुर (राजस्थान), पिछले एक वर्ष से फरार चल रहा था और पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए जयपुर के खोह नागोरिया क्षेत्र में छिपकर रह रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्त OLX पर मकान किराए के विज्ञापन देने वालों को निशाना बनाकर स्वयं को सेना/पैरामिलिट्री का जवान बताता था। वह नकली आधार कार्ड व पहचान पत्र साझा कर पीड़ित का विश्वास जीतता और फिर यह कहकर ठगी करता कि मकान किराए पर लेने से पहले मकान मालिक को अग्रिम राशि जमा करनी होती है। इसी झांसे में उसने देहरादून निवासी पीड़ित से करीब ₹12.46 लाख की ठगी की थी।
मामले में अभियुक्त के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी थी और न्यायालय ने गैर-जमानती वारंट भी जारी किया था। साइबर थाना देहरादून की टीम ने लगातार तकनीकी निगरानी और डिजिटल फुटप्रिंट्स का विश्लेषण कर अभियुक्त को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त के पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। एसटीएफ उत्तराखंड के एसएसपी नवनीत सिंह ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के फर्जी निवेश ऑफर, OLX/सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों, या कस्टमर केयर नंबरों के झांसे में न आएं। संदिग्ध साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत 1930 नंबर पर संपर्क करें।