Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी में होली पर तीन अलग-अलग मौतों से मचा हड़कंप

हल्द्वानी। हल्द्वानी और लालकुआं क्षेत्र में होली के दिन तीन अलग-अलग घटनाओं में एक महिला और दो युवकों की मौत हो गई। दो ने फंदा लगाकर और विषाक्त पदार्थ खाकर जान दे दी, जबकि तीसरे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया।

पहली घटना लालकुआं के राजीवनगर बंगाली कॉलोनी की है, जहां 48 वर्षीय मालती देवी ने शुक्रवार को अज्ञात कारणों के चलते फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब परिजनों ने उन्हें देखा तो तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। उनकी आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता नहीं चल सका है।

दूसरी घटना रामपुर रोड की है, जहां 33 वर्षीय चंदन सिंह ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चंदन सिंह मूल रूप से बाजुठिया मुक्तेश्वर, रामगढ़ के रहने वाले थे और हल्द्वानी में चाय की दुकान चलाते थे। उनकी आत्महत्या के पीछे का कारण भी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

तीसरी घटना गौलापार की है, जहां 21 वर्षीय त्रिलोक सिंह बर्गली की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुक्रवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें एसटीएच (सुशीला तिवारी अस्पताल) लाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

तीनों घटनाओं से हल्द्वानी और लालकुआं के लोग स्तब्ध हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, ताकि आत्महत्याओं और संदिग्ध मौत के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›