Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी में पंचायत चुनाव मतगणना को लेकर ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी, भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित

हल्द्वानी। आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए हल्द्वानी पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी कर दिया है। यह ट्रैफिक प्लान 31 जुलाई को सुबह 7 बजे से मतगणना समाप्ति तक लागू रहेगा। इस दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भारी वाहनों और कुछ मार्गों पर सामान्य वाहनों के आवागमन को प्रतिबंधित किया गया है।

पुलिस के अनुसार, रामपुर रोड पर टीपीनगर तक वाहनों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। इसके साथ ही टीपी नगर तिराहा से एफटीआई तिराहा, गांधी इंटर कॉलेज तिराहा से एफटीआई तिराहा, मुखानी-जेल रोड-धानमिल तिराहा से आईटीआई तिराहा और शहर क्षेत्र से रामपुर रोड की ओर जाने वाले समस्त भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

डायवर्जन मार्ग इस प्रकार होंगे:

  • रामपुर रोड से शहर की ओर आने वाले सभी वाहन टीपी नगर तिराहा/एफटीआई तिराहा से बरेली रोड होते हुए और आईटीआई तिराहा से कालाढूंगी रोड होकर अपने गंतव्य को जाएंगे।
  • सिंधी चौराहा से रामपुर रोड की ओर जाने वाले वाहन गांधी इंटर कॉलेज तिराहा या होण्डा शोरूम तिराहा होते हुए मार्ग बदलेंगे।
  • गांधी इंटर कॉलेज तिराहा से एफटीआई तिराहा की ओर बसों और मालवाहक वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा।
  • कालाढूंगी रोड से रामपुर रोड की ओर जाने वाले सभी वाहन मुखानी चौराहा, जेल रोड तिराहा से कैंसर अस्पताल तिराहा, आईटीआई तिराहा होते हुए एफटीआई तिराहा की ओर जा सकेंगे।
  • सरगम टेंपो स्टैंड से आईटीआई तिराहा तक के मध्य सभी प्रकार के वाहनों का संचालन बंद रहेगा।

इसके अलावा, मतगणना ड्यूटी में नियुक्त समस्त अधिकारी, कर्मचारी और मीडिया प्रतिनिधियों के वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था एचएन इंटर कॉलेज मैदान में की गई है।

पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें और अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश न करें, ताकि मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्वक और बिना किसी बाधा के सम्पन्न की जा सके। यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए प्रमुख चौराहों और तिराहों पर पुलिस बल तैनात रहेगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›