अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
अल्मोड़ा में दर्दनाक हादसा: 100 मीटर गहरी खाई में गिरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, दो युवकों की मौत
अल्मोड़ा के सुंदरपुर में एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस और SDRF ने शव बरामद किए।
अल्मोड़ा। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अल्मोड़ा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहाँ शुक्रवार को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में वाहन सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से ही पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
यह भीषण हादसा बागेश्वर रोड पर सुंदरपुर के पास ग्राम गधोली क्षेत्र में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर लगभग 1:20 बजे कफड़खान-सिरकोट-शैल मोटरमार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली (संख्या UK 02 CA 0073) अचानक अपना संतुलन खो बैठी। वाहन के गहरी खाई में गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और उन्होंने तत्काल इसकी सूचना जिला नियंत्रण कक्ष (DCR) अल्मोड़ा को दी।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ (SDRF) के निरीक्षक राजेश जोशी के नेतृत्व में एक टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों ने बेहद कठिन परिस्थितियों में खाई में उतरकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन के पास से दो युवकों के शव बरामद किए, जिन्हें मुख्य मार्ग तक लाकर स्थानीय पुलिस को सौंपा गया।
पुलिस द्वारा की गई शिनाख्त में मृतकों की पहचान नेपाल के कैलाली निवासी चत्ते राजी (26 वर्ष) और उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी उमेश (22 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए बेस अस्पताल भेज दिया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पहाड़ों में लगातार होते इन हादसों ने एक बार फिर परिवहन सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
