उधमसिंह नगर
बाजपुर में दर्दनाक हादसा: ई-रिक्शा पलटने से 7 साल के मासूम की मौत, 4 घायल
बाजपुर के केलाखेड़ा में नेशनल हाईवे पर स्कूली बच्चों से भरा ई-रिक्शा पलटा। कक्षा 2 के छात्र रवि की मौत, चालक की लापरवाही पर परिजनों में भारी आक्रोश।
बाजपुर: उधम सिंह नगर जिले के केलाखेड़ा क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे पर स्कूली बच्चों से भरा एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुखद घटना में कक्षा दो के एक सात वर्षीय छात्र की जान चली गई, जबकि चार अन्य बच्चे घायल हो गए हैं। इस हादसे के बाद क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रामनगर स्थित गुरुनानक देव एकेडमी की छुट्टी होने के बाद चालक शंकर बच्चों को ई-रिक्शा में बैठाकर घर छोड़ने जा रहा था। नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार होने के कारण रिक्शा बीच सड़क पर ही पलट गया। हादसे के वक्त बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सकों ने बच्चों की गंभीर हालत को देखते हुए दो छात्रों, रवि और समर को हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया। दुर्भाग्यवश, हल्द्वानी पहुंचने से पहले ही सात वर्षीय रवि ने रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं, समर का उपचार फिलहाल जारी है और अन्य तीन बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
हादसे के बाद मृतक और घायल बच्चों के परिजनों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। परिजनों का गंभीर आरोप है कि चालक शंकर रिक्शा चलाते समय मोबाइल फोन पर बात कर रहा था और एक ही हाथ से वाहन चला रहा था। सीओ बाजपुर विभव सैनी ने बताया कि पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है और घटना की गहन जांच की जा रही है।
