हरिद्वार
कलियर कांवड़ पटरी पर दर्दनाक सड़क हादसा, 4 बाइकों की भिड़ंत में 3 की मौत
रुड़की-कलियर गंग नहर कांवड़ पटरी मार्ग पर भीषण सड़क हादसे में चार बाइकों की टक्कर से तीन युवकों की मौत, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हरिद्वार। रुड़की-कलियर गंग नहर कांवड़ पटरी मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाजूहेड़ी गांव के समीप चार मोटरसाइकिलों की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद सभी मोटरसाइकिलें पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। कलियर और सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से रुड़की के सिविल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि छह घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान बिजौली निवासी अयान (18 वर्ष) तथा ग्राम रहमतपुर निवासी राजू (24 वर्ष) और राजीव (22 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं घायलों में खंजर रोड निवासी आदित्य (25 वर्ष) और बिजौली निवासी साहबान शामिल हैं। आदित्य को गंभीर हालत के कारण परिजनों द्वारा निजी अस्पताल के न्यूरोसर्जन के पास ले जाया गया है, जबकि साहबान की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हादसे के बाद कांवड़ पटरी मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचित कर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।
