Connect with us

हल्द्वानी

कोटाबाग: नहर की सफाई के दौरान पहाड़ से गिरा मलबा, दो मजदूर गंभीर रूप से घायल

Published

on

खबर शेयर करें 👉

कालाढूंगी। कोटाबाग क्षेत्र के बागजाला स्थित अपरकोटा नहर में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। नहर की सफाई के दौरान अचानक पहाड़ से गिरे मलबे ने चार मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में दो मजदूर तो समय रहते बच निकले, लेकिन दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, ग्राम गौतियां में नहर की सफाई का कार्य चल रहा था। इस दौरान रोड किनारे अचानक मलबा खिसक गया। मजदूर बालम सिंह निवासी नाथूजाला और अरुण सिंह निवासी दौलतपुर, बाजपुर ने किसी तरह खुद को बचा लिया। वहीं बन्नाखेड़ा निवासी विशेष (18) पुत्र गुमान सिंह और गौरव सिंह (18) पुत्र फूल सिंह मलबे में दब गए।
मलबा गिरने के दौरान गौरव पूरी तरह दब गया, जबकि विशेष का शरीर कंधे तक दब गया। मौके पर मौजूद बालम सिंह ने हिम्मत दिखाते हुए हाथों से मिट्टी हटाकर गौरव को बाहर निकाला और तत्काल आसपास के ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों ने कई घंटे की मशक्कत कर दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला।
घायल विशेष और गौरव को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटाबाग ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हड्डी टूटने और नस दबने की आशंका पर डॉक्टरों ने दोनों को ट्रामा सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है और ग्रामीणों ने नहर सफाई कार्य में सुरक्षा इंतजाम की कमी पर सवाल उठाए हैं।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement