Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी: दो दुखद हादसे, पुलिसकर्मी सहित दो की गई जान

Published

on

खबर शेयर करें 👉

भवाली-अल्मोड़ा हाईवे पर खाई में गिरने से अल्मोड़ा में तैनात हेड कांस्टेबल उमेश सिंह कुंवर की मौत। हल्द्वानी में अज्ञात वाहन की टक्कर से बागेश्वर के चालक राजेंद्र सिंह का निधन। पुलिस जांच में जुटी।

हल्द्वानी: उत्तराखंड में मंगलवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जिससे उनके परिवारों में मातम छा गया है। पहला हादसा भवाली-अल्मोड़ा नेशनल हाईवे पर डाकारोली के पास हुआ, जहां खाई में गिरने से अल्मोड़ा में तैनात एक हेड कांस्टेबल की मौत हो गई। खटीमा के खेतलसनड़ा निवासी 46 वर्षीय हेड कांस्टेबल उमेश सिंह कुंवर अपनी छुट्टी बिताने के बाद सोमवार देर रात बाइक से वापस ड्यूटी पर जा रहे थे।
मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे उनकी बाइक गिरी देखी और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर उमेश सिंह को खाई से बाहर निकाला और सीएचसी भवाली भेजा। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश कुमार ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। एसएसआई आसिफ खान ने पुष्टि की कि उमेश सिंह अल्मोड़ा पुलिस में तैनात थे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ऐसा माना जा रहा है कि देर रात वह नियंत्रण खो बैठे और खाई में जा गिरे।
वहीं, दूसरा दुखद हादसा हल्द्वानी में हुआ। बागेश्वर निवासी 43 वर्षीय राजेंद्र सिंह को एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। राजेंद्र सिंह हल्द्वानी से बागेश्वर के बीच मालवाहक वाहन चलाते थे। मंगलवार सुबह 11:30 बजे वह ट्रांसपोर्ट नगर स्थित धर्मकांटे के पास सड़क किनारे पैदल चल रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह करीब 10 मीटर दूर छिटककर गिरे और बुरी तरह घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। टक्कर मारने के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर एक कार ने मारी थी। एसएचओ हल्द्वानी विजय सिंह मेहता ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार आरोपी चालक की पहचान की जा सके। मृतक राजेंद्र सिंह अपने पीछे पत्नी और दो बच्चे छोड़ गए हैं।

Select Language

Advertisement