Report by : CWN Desk
Published at :
उत्तराखंडी फिल्म बोल्या काका और दून एक्सप्रेस जल्द होगी देशभर में रिलीज: हेमंत पांडे

हल्द्वानी। उत्तराखंड में फिल्म इंडस्ट्री को नई दिशा देने वाली दो बड़ी फ़िल्में बोल्या काका और दून एक्सप्रेस सितंबर तक उत्तराखंड सहित देशभर के कई राज्यों में रिलीज होंगी। इन फिल्मों की घोषणा प्रसिद्ध अभिनेता हेमंत पांडे ने हल्द्वानी स्थित होटल प्राइड में प्रेस वार्ता के दौरान की।
बोल्या काका जी.बी. म्यूजिक ट्रेडिंग एंड सर्विस प्रोवाइडर के बैनर तले बनी है, जिसके प्रोड्यूसर प्रशांत कुमार और डायरेक्टर शिव नारायण सिंह रावत हैं। 50 वर्षों के फिल्मी अनुभव वाले रावत ने बॉलीवुड, साउथ और उत्तराखंड की फिल्म इंडस्ट्री में महत्वपूर्ण कार्य किया है। फिल्म में हेमंत पांडे सूत्रधार की भूमिका में नज़र आएंगे। यह फिल्म उत्तराखंड की ज्वलंत समस्याओं को उजागर करती है।
वहीं दून एक्सप्रेस महिला सशक्तिकरण और एक 10 वर्षीय बच्ची के संघर्ष पर आधारित है। इसके प्रोड्यूसर दीपक व ममता पांडे हैं और डायरेक्टर अनुग्रह अग्निहोत्री हैं। फिल्म में हेमंत पांडे एक पॉलिटिकल लीडर की अहम भूमिका निभा रहे हैं।
फिल्म निर्माताओं ने उत्तराखंडी भाषा व संस्कृति को सुरक्षित रखने पर जोर दिया और राज्य सरकार से मांग की कि उत्तराखंडी फिल्मों को सिनेमा हॉल में प्राइम टाइम स्लॉट दिया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के Vocal for Local अभियान की तर्ज पर उत्तराखंड की फिल्मों को बढ़ावा मिलना चाहिए।
प्रोड्यूसर दीपक पांडे ने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, संस्कृति और भाषा को फिल्मों के माध्यम से देशभर में पहुँचाया जाएगा। इस अवसर पर प्रोड्यूसर ममता पांडे और सीए जयप्रकाश अग्रवाल भी उपस्थित रहे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›