Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी: गौला नदी की कटान से वनभूलपुरा-गौलापार मार्ग पूरी तरह बंद, 50 हजार से अधिक आबादी प्रभावित

हल्द्वानी। शहर में तीन दिन से लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। उफनाई गौला नदी ने वनभूलपुरा रेलवे क्रॉसिंग से गौलापार को जोड़ने वाले पहले से क्षतिग्रस्त मार्ग को और भी नुकसान पहुंचाया है। बीते वर्ष बह चुके मार्ग के हिस्से की मरम्मत और सुरक्षा दीवार निर्माण का कार्य अब तक अधूरा पड़ा था, जिसे इस बार की बारिश ने और कमजोर कर दिया है। बुधवार को तेज बहाव में मार्ग का लगभग चार मीटर हिस्सा और बह गया, जिससे अब इस मार्ग से पैदल चलना भी जानलेवा हो गया है।

जिला प्रशासन ने पहले ही दोपहिया और चौपहिया वाहनों की आवाजाही रोक दी थी। अब स्थिति गंभीर होने पर लोकनिर्माण विभाग (लोनिवि) ने भी लोगों से अपील की है कि वे इस मार्ग से न गुजरें। लोनिवि के ईई प्रत्यूष कुमार ने बताया कि गौला नदी की दिशा में लगातार कटाव हो रहा है, जिससे सुरक्षा दीवार और सड़क दोनों क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि बरसात थमने के बाद नई सड़क निर्माण को तेजी से पूरा कर आवागमन बहाल किया जाएगा।

मार्ग बंद होने से गौलापार क्षेत्र की लगभग 50 हजार से अधिक की आबादी प्रभावित हो रही है। स्कूल, अस्पताल, बाजार और दफ्तर जाने वाले लोगों को वैकल्पिक मार्गों से होकर लंबा सफर तय करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य को प्राथमिकता दी जाए ताकि भविष्य में इस मार्ग पर खतरे को टाला जा सके।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›